मोदी के सामने राहुल बच्चे हैं:कल्याण

बुलंदशहर। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने कहा है कि कांग्रेस पीएम पद के लिए राहुल गांधी को पेश कर रही है, जबकि नरेंद्र मोदी के सामने राहुल नौसिखिए हैं। मोदी आज देश के लोगों की जरूरत बन चुके हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष के आवास पर पत्रकार वार्ता में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी आज देश के लोगों की जरूरत बन चुके हैं। देश का बच्चा-बच्चा उन्हें पीएम की सीट पर देखना चाहता है। कांग्रेस के पास राहुल के अलावा और कोई विकल्प नहीं है, जबकि मोदी के सामने राहुल गांधी बच्चे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी को कुशल प्रशासक और विकास पुरुष बताते हुए उनके गुजरात के शासन की याद दिलाई। पीएम पद के लिए भाजपा से दावेदारी के सवाल पर फैसला संसदीय बोर्ड पर छोड़ दिया।
कल्याण ने भाजपा में दोबारा वापसी का श्रेय वक्त को देते हुए कहा कि वक्त ने भाजपा और उन्हें दिखा दिया कि दोनों को अलग नहीं रहना चाहिए। दोनों एक दूसरे की जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर भाजपा का एजेंडा है और बहुमत मिलने पर भव्य मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर मुसलिम तुष्टिकरण की नीति अपनाने का आरोप लगाया। कल्याण सिंह ने शनिवार की सुबह संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी पर लटकाने की प्रशंसा की। लेकिन 11 साल देरी से कांग्रेस के निर्णय पर सवाल भी उठाया। उन्होंने कश्मीर में हुर्रियत कांफ्रेंस द्वारा तीन दिन के बंद और अफजल की फांसी पर शोक जताने वालों को देशद्रोही करार दिया।

Comment: