Categories
उगता भारत न्यूज़

पीताम्बरा आश्रम में सफला एकादशी पर हुए विभिन्न अनुष्ठान, श्रीलक्ष्मीनारायण अनुष्ठान एवं पंचदेव यज्ञार्चन हुआ

बांसवाड़ा, 7 जनवरी/गायत्री मण्डल की ओर से पीताम्बरा आश्रम में रविवार को प्राच्य परम्परा के विभिन्न अनुष्ठानों के उपरान्त वैदिक एवं पौराणिक मंत्रों के साथ पंचदेव यज्ञार्चन हुआ, जिसमें गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता ने पूर्णाहुति दी।

रविवार को पीताम्बरा आश्रम स्थित श्री हनुमत्पीठ परिसर में पीताम्बरा परिषद के संयोजक पं. नरेन्द्र आचार्य (छींछ) के आचार्यत्व में विभिन्न अनुष्ठान संपादित किए गए। विनायक स्तवन के उपरान्त हनुमान पूजा के साथ अनुष्ठानों का शुभारंभ मण्डल के संरक्षक दिलीप गुप्ता ने हनुमान श्रीविग्रह को पुष्पहार पहना कर किया।

इस दौरान् पंचदेवताओं एवं देवियों की षोड़शोपचार से पूजा-अर्चना तथा यंत्रों के अर्चन उपरान्त गणेश, सूर्य, शिव, विष्णु एवं शक्ति उपासना की वैदिक ऋचाओं से हवन किया गया।

सफला एकादशी के उपलक्ष्य में श्री विष्णुसहस्रनामावली से लक्ष्मीनारायण यज्ञ किया गया। इसमें गायत्री मण्डल के उपाध्यक्ष मनोहर जोशी, कार्यकारिणी सदस्य पं. प्रदीप शुक्ला, पं. अंकित त्रिवेदी, पं. द्रोमिल त्रिवेदी, पं. जय रणा, चन्द्रेश व्यास, भंवर गर्ग, श्रीमती मीनाक्षी गर्ग, पं. सुशील त्रिवेदी आदि ने हिस्सा लिया।

रविवार सायंकाल यज्ञ पूर्णाहुति से पूर्व श्रीसूक्त, पुरुष सूक्त, नवार्ण मंत्र, द्वादशाक्षर मंत्र, रूद्र सूक्त, महामृत्युन्जय, भैरव मंत्र, गायत्री मंत्र एवं हनुमान मंत्रों के साथ विभिन्न दिव्य द्रव्यों से हवन किया गया।

यज्ञानुष्ठान के उपरान्त रविवार शाम गायत्री मण्डल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रह्मर्षि पं. दिव्यभारत पण्ड्या के आचार्यत्व में यज्ञ पूर्णाहुति हुई। इसमें मण्डल के मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता ने यज्ञ में पूर्णाहुति दी।

इसमें गायत्री मण्डल के संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष पं. विद्यासागर शुक्ल, उपाध्यक्ष अनिमेष पुरोहित, पीताम्बरा परिषद के सह संयोजक पं. मधुसूदन व्यास, कन्हैयालाल जोशी, चन्द्रशेखर जोशी, पं. दिलीप अधिकारी आदि साधकों ने हिस्सा लिया।

आरती विधान एवं सामूहिक संकीर्तन कार्यक्रम में साधक-साधिकाओं एवं क्षेत्रवासी श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

—000—

Comment:Cancel reply

Exit mobile version