Categories
प्रमुख समाचार/संपादकीय

वोटर लिस्ट में नाम न होने पर कलैक्ट्रेट पर प्रदर्शन

गाजियाबाद। निकाय चुनाव होने में कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन मतदाता सूची में खामियों का सिलसिला समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसी ही खामियों को लेकर प्रताप विहार स्थित वार्ड-66 अमृत कुटीराम आश्रम निवासियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप था कि हाल ही में हुए विधान सभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। लेकिन निकाय चुनाव में किसी भी निवासी का वोटर लिस्ट में नाम नहीं है। लोगों ने जिलाधिकारी अपर्णा उपाध्याय से खामियों को दूर करने करने की मांग की। सोमवार को बड़ी संख्या में अमृत कुटीराम आश्रम प्रताप विहार के लोग कलक्ट्रेट पहुंचे और मतदाता सूची में नाम गायब होने के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। निवासियों का कहना था कि अमृत कुटीराम आश्रम को बसे हुए बारह वर्ष से अधिक हो गये हैं। यहां 106 परिवार निवासी करते हैं। अधिकांश लोगों ने लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में भी अपने मत का प्रयोग किया था। लेकिन निकाय चुनाव में मतदाता सूची में नाम ही नहीं है। यहां तक कि मतदाता सूची ही गायब है। उन्होंने जिलाधिकारी अपर्णा उपाध्याय से मतदाता सूची की जांच कराने की मांग की। वहीं जिलाधिकारी ने जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Comment:Cancel reply

Exit mobile version